सोमवार, 22 अप्रैल 2024

पृथ्वी दिवस (World Earth Day)


 हर वर्ष 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। इसकी सबसे पहली शुरुआत 1970 को अमेरिका में हुयी थी। जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और इस खूबसूरत धरती के प्रति सम्मान प्रकट करना था। जिसे आज भी इसी प्रयोजन से मनाया जाता है। आज 22 अप्रैल 2024 को ‘पृथ्वी दिवस’ पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘‘प्लानेट बनाम प्लास्टिक’’ है। प्लास्टिक ने दुनिया के उद्योगों और दैनिक जीवन में क्रांति लाने का काम किया है। आज हम बिना प्लास्टिक के कुछ भी सोच नहीं सकते हैं। हमारे खाने के समान से लेकर शरीर के नाजुक ऑर्गन तक प्लास्टिक के सूक्ष्म कण पाये जा रहे हैं। जो मानव शरीर के लिए बहुत ही घातक हैं। तमाम नई तरह की बीमारियों के स्रोत प्लास्टिक के इन सूक्ष्म कणों में छुपे हैं। आज प्लास्टिक उत्पादों ने दुनिया पर कब्जा कर रखा है। पारिस्थितिक तंत्र में बदलाव जल प्रदूषण से लेकर तमाम पहलू हैं जिन्हें प्लास्टिक ने प्रभावित किया है। अगर इस पर गहराई से चिंतन और रोक नहीं लगाई गई तो आने वाली पीढ़ियों के लिए यह और अधिक खतरनाक साबित होगा। शहर, गाँव मुहल्ले प्लास्टिक से पटे पड़े हैं। इसके बड़े पैमाने पर उपयोग और गैर-जिम्मेदाराना निपटान ने दुनिया भर के पारिस्थितिक तंत्र पर कहर बरपाया है। समुद्री जीवन का दम घोंटने से लेकर जल स्रोतों को प्रदूषित करने और खाद्य श्रृंखला में घुसपैठ करने तक, प्लास्टिक प्रदूषण के परिणाम दूरगामी और चिंताजनक हैं!

हमें प्रण लेना चाहिए कि जितना हो सके हम कम से कम प्लास्टिक का उपयोग करने की कोशिश करें ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य और खूबसूरत धरती को बचाया जा सके!!! 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें